वृंदावन योजना में 74 लाख रुपये की प्रॉपर्टी ठगी का खुलासा, 50-50 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में वृंदावन योजना स्थित मकान बेचने के नाम पर लगभग 74 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो वांछित और 50-50 हजार रुपये के इनामी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना पीजीआई, मोहनलालगंज पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को किसान पथ सर्विस लेन से दबोचा गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों और झूठे आश्वासनों के जरिए पीड़िता से लाखों रुपये हड़प लिए थे।
पीड़िता से मकान दिलाने के नाम पर ठगे 74 लाख रुपये
मामले की शुरुआत तब हुई जब उन्नाव जिले के बेहटा नथई सिंह निवासी श्रीमती गायत्री देवी ने थाना पीजीआई में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनील कुमार शुक्ला, रवि सिंह, सर्वेश कुमार पाण्डेय, गौरव अवस्थी, विपिन कुमार शुक्ला, रीतू सिंह, कंचनलता उर्फ अंजना समेत अन्य लोगों ने एक संगठित गिरोह बनाकर वृंदावन योजना में मकान बेचने का झांसा दिया।आरोप है कि गिरोह ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर और आकर्षक आश्वासन देकर उनसे 73,99,911 रुपये की धनराशि ले ली। बाद में जब मकान का सौदा पूरा नहीं हुआ तो पीड़िता को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
पीजीआई थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 14/2025 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और कूटरचना से संबंधित आरोप लगाए गए।विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले ही इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर चुकी थी। बाद में मुकदमे की विवेचना थाना मोहनलालगंज को स्थानांतरित कर दी गई।
किसान पथ से हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित चल रहे दोनों आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद थाना पीजीआई, मोहनलालगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।पुलिस ने 5 जून 2026 को किसान पथ की सर्विस लेन पर रायबरेली रोड से कुछ दूरी पहले घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
सुनील कुमार शुक्ला (46 वर्ष) निवासी पटेल नगर, निलमथा, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ।
विपिन कुमार शुक्ला (36 वर्ष) निवासी पटेल नगर, निलमथा, अटलपुरी गेट, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ।
दोनों आरोपियों पर पुलिस द्वारा 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में कबूला फर्जीवाड़ा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उनका उपयोग कर संपत्ति का फर्जी सौदा दिखाया। इसके बाद पीड़िता से बड़ी रकम हासिल कर ली गई।जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि पूरा खेल सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के तहत अंजाम दिया गया था, जिसमें कई लोगों की भूमिका रही।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार शुक्ला के खिलाफ पूर्व में खीरी और लखनऊ में मारपीट, धमकी तथा अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं।वहीं विपिन कुमार शुक्ला के खिलाफ भी आशियाना थाने में दर्ज एक आपराधिक मुकदमे का रिकॉर्ड मिला है।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
गिरफ्तारी अभियान में थाना पीजीआई के प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह, थाना मोहनलालगंज के विवेचक उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह तथा दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े आर्थिक लेन-देन तथा संपत्ति दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
