नीट री-एग्जाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, पेपर सेंटर के 50 मीटर दायरे में नहीं होगी पार्किंग
अभ्यर्थियों के गार्जियन भी नहीं खड़े हो सकेंगे
छोटी बाउंड्री के पास विशेष निगरानी
लखनऊ। नीट एग्जाम सेंटर के 50 मीटर के दायरे में कोई भी पार्किंग नहीं रहेगी, न ही अभ्यर्थियों के गार्जियन खड़े हो सकेंगे। जिन सेंटर की बाउंड्री छोटी है, उनके बाहर विशेष निगरानी की जाएगी। ये निर्देश लखनऊ के जॉइंट कमिश्नर बबलू कुमार ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों को मीटिंग में दिए। दरअसल, रविवार 21 जून को लखनऊ के 75 सेंटर्स पर नीट का री-एग्जाम है। इसी की तैयारी में जॉइंट सीपी ने पुलिस अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में तय किया गया कि परीक्षा केंद्रों के 50 मीटर दायरे में किसी भी वाहन को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही केंद्र के आसपास अनावश्यक रूप से किसी व्यक्ति के खड़े रहने पर भी रोक रहेगी। कोई खड़ा होता है तो उसे हटाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी परीक्षा केंद्रों की बाउंड्री वॉल की जांच कराई जाएगी। जिन केंद्रों की दीवारें छोटी हैं, वहां सुरक्षा कर्मियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी तरह की नकल या बाहरी हस्तक्षेप की संभावना न रहे।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में केवल एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और 3 पासपोर्ट साइज फोटो ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक वस्तु केंद्र के अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन चीजों के अलावा सेंटर के अंदर कुछ भी जाने न पाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
