लापरवाही पड़ी भारी,निर्माणाधीन नाले में गिरा बाइक सवार, हादसे में गई जान
एलडीए की लापरवाही से हुआ हादसा, सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
लखनऊ। शनिवार पारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक निर्माणाधीन नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रंजीत विश्वकर्मा पुत्र राम किशन के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ओर से कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। रंजीत मूल रूप से उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र स्थित सरायबद्री गांव का निवासी था। वह वर्तमान में पारा क्षेत्र की हंसखेड़ा चौकी के पास सदरौना में किराए के मकान में अपनी पत्नी प्रीति और दो बच्चों के साथ रहता था।
वह वेल्डिंग का काम करता था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे रनिंग करने निकले कुछ युवकों ने परशादी खेड़ा के पास, पारा देशी शराब ठेके के आगे निर्माणाधीन नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान उसके वाहन के नंबर के आधार पर की गई और परिजनों को सूचित किया गया।
ये खबर भी पढ़े : सीएम योगी के झांसी दौरे का मिनट टू मिनट कार्यक्रम,विकास कार्यों व योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिलमृतक के सगे भाई संजीवन लाल विश्वकर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे तक परिवार की रंजीत से बातचीत हुई थी। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। शनिवार सुबह पुलिस से नाले में शव मिलने की सूचना मिली। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एलडीए के निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
