थानाध्यक्ष बीजपुर ने अजीरेश्वर महादेव मंदिर पर असहायों को वितरित किए लंच पैकेट
बीजपुर/सोनभद्र। थाना बीजपुर पुलिस की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत सावन के दूसरे सोमवार को जरहां स्थित प्रसिद्ध अजीरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में जरूरतमंद एवं गरीब लोगों के बीच लंच पैकेट का वितरण किया गया। थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह ने स्वयं जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट वितरित किए। इस दौरान बड़ी संख्या में गरीब एवं असहाय लोगों को लंच पैकेट उपलब्ध कराया गया। पुलिस की इस पहल से जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। थानाध्यक्ष ने यह साबित किया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। अजीरेश्वर महादेव मंदिर समिति एवं स्थानीय लोगों ने बीजपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना और मजबूत होती है।
इस अवसर पर थाना बीजपुर के पुलिसकर्मी,मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
