लखनऊ में मोहर्रम को लेकर पीस मीटिंग, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
लखनऊ। आगामी मोहर्रम के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रबंधन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में सहादतगंज क्षेत्र स्थित दरगाह हज़रत अब्बास के मुतवल्ली मीसम रिज़वी की पहल पर एक महत्वपूर्ण पीस मीटिंग का आयोजन किया गया।
यह बैठक दरगाह के पास स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मोहर्रम की तैयारियों की समीक्षा करना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना था।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मोहर्रम के जुलूस मार्गों, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जुलूस मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बैठक को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अफवाहों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सूचना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी किसी भी खबर पर विश्वास न करें और यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े : जनगणना से पहले हो सकते हैं पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव, भाजपा ने तेज की तैयारियांबैठक में यह भी जोर दिया गया कि मोहर्रम के दौरान पारंपरिक जुलूस मार्गों पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाएगा और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन के साथ सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि वे इस बार भी मोहर्रम को पूरी शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाएंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करना और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सरकार हर स्तर पर नागरिकों की सुरक्षा और धार्मिक भावनाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के अंत में मुतवल्ली मीसम रिज़वी और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की और विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
