पत्रकारपुरम फायरिंग मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य हिरासत में, पुलिस ने बढ़ाईं गंभीर धाराएं
लखनऊ। गोमतीनगर स्थित पत्रकारपुरम चौराहे के पास मनीष ईटिंग प्वाइंट पर हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, तीन अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी, जिसमें ईटिंग प्वाइंट पर काम करने वाला एक कर्मचारी गोली लगने से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
मामले में मिली तहरीरों के आधार पर गोमतीनगर थाने में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रणव शुक्ला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसके अलावा नामजद आरोपी अभय प्रताप सिंह, विष्णु स्वरूप द्विवेदी और जांच में सामने आए सार्थक कपूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दो मुकदमों में बीएनएस की धारा 3(5) और सीएलए एक्ट की धारा 7 भी बढ़ाई गई है। घटना में इस्तेमाल हथियार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
