एडीएम और एसडीएम के आश्वासन पर अधिवक्ताओं ने स्थगित किया क्रमिक अनशन
सोमवार से न्यायिक कार्य शुरू
मोहम्मद अय्यूब
उतरौला, (बलरामपुर)। तीन दिनों से चल रहे क्रमिक अनशन को अधिवक्ताओं ने स्थगित कर दिया है। अपर जिलाधिकारी बलरामपुर और उप जिलाधिकारी उतरौला मनोज सरोज के आश्वासन के बाद शुक्रवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। सोमवार से अधिवक्ता न्यायालयों में कार्य करेंगे।
आश्वासन के बाद माने अधिवक्ता
उपजिलाधिकारी उतरौला मनोज सरोज ने बार संघ को वार्ता के लिए पत्र भेजकर गतिरोध समाप्त करने की बात कही थी। इसके बाद अपर जिलाधिकारी, एसडीएम मनोज सरोज और तहसीलदार वीरेंद्र प्रताप क्रमिक अनशन स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने अधिवक्ता संघ अध्यक्ष प्रह्लाद यादव और महामंत्री रवि शंकर मिश्र से वार्ता की।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं की मांगों पर विचार किया जाएगा और उन्हें शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों के अनुरोध पर अधिवक्ताओं ने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।
तीन जुलाई तक स्थगित हुआ आंदोलन
अधिकारियों से वार्ता के बाद अधिवक्ता संघ भवन में बैठक बुलाई गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चल रहे क्रमिक अनशन को तीन जुलाई तक स्थगित किया जाता है। महामंत्री रवि शंकर मिश्र ने घोषणा की कि सोमवार से सभी अधिवक्ता न्यायालयों में कार्य करेंगे।
स्थगन आदेश के बाद भी निर्माण का विरोध
अधिवक्ताओं का आंदोलन स्थगन आदेश के बाद भी अधिवक्ता की निजी भूमि पर हो रहे निर्माण को लेकर चल रहा था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अब तीन जुलाई तक आंदोलन टाल दिया गया है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद सोनी, नसीम अहमद, सुधीर कुमार, अभिमन्यु जी, दिनकर, आलोक, निजाम अंसारी, आरिफ, गजनफर अली, शाहबाज फजल, अखिलेश यादव, अजीत यादव, शादाब खान, प्रवीण कुमार, अनीसुल हसन, शमशाद चौधरी, देवेंद्र कुमार, वासुदेव वर्मा और तुलसीराम यादव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
