NGT के नियमों की खुलेआम उड़ रही धज्जियां, जलधारा से अवैध खनन का बड़ा मामला उजागर
GPS लोकेशन के साथ वायरल वीडियो ने खोली जिम्मेदार विभाग की पोल, सराय अकील क्षेत्र के ननंदा का पुरवा बालू घाट का मामला
कौशाम्बी। जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए बनाए गए नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। ताजा मामला सराय अकील क्षेत्र के ननंदा का पुरवा स्थित बालू घाट से सामने आया है, जहां जलधारा के भीतर से ही बड़े पैमाने पर अवैध खनन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि खनन माफिया बिना किसी रोक-टोक के नदी की धारा के बीच से बालू निकाल रहे हैं। खास बात यह है कि वीडियो के साथ GPS लोकेशन भी साझा की गई है, जिससे पूरे मामले की पुष्टि और भी मजबूत हो जाती है।इस घटना ने जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के अनुसार जलधारा के भीतर खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद खुलेआम हो रहे इस कार्य से स्पष्ट है कि कहीं न कहीं निगरानी तंत्र कमजोर है या फिर मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल ननंदा का पुरवा ही नहीं, बल्कि आसपास के कई अन्य इलाकों में भी इसी तरह अवैध खनन का खेल चल रहा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इसका पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, साथ ही राजस्व की भी भारी क्षति हो रही है।अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है। क्या जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
