मोहनलालगंज पुलिस ने 7 दिन में बरामद किए दो लापता नाबालिग, पंजाब में बुआ के घर मिले
डॉन बॉस्को आश्रयालय से बिना बताए निकले थे दोनों किशोर
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची सासनगर
लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने डॉन बॉस्को आश्रयालय से लापता हुए दो नाबालिग लड़कों को सात दिन के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। दोनों किशोर बिना बताए आश्रयालय से निकल गए थे और पुलिस को उनकी तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों का सहारा लेना पड़ा। पुलिस टीम ने पंजाब के सासनगर जिले में पहुंचकर दोनों को उनकी बुआ के घर से बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त 2026 को 14 और 13 वर्ष की उम्र के दो नाबालिग लड़के बिना बताए कहीं चले गए थे और वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद डॉन बॉस्को आश्रयालय के डायरेक्टर बिमल क्रेकेटा की ओर से पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया। मामले में थाना मोहनलालगंज में मुकदमा अपराध संख्या 311/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अभियोग दर्ज किया गया।
दो पुलिस टीमों का किया गया गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज ने दोनों नाबालिगों की तलाश और सकुशल बरामदगी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल और संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।जांच के दौरान पुलिस को दोनों नाबालिगों के पंजाब के सासनगर जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद मोहनलालगंज पुलिस टीम पंजाब के थाना सीटी खरार क्षेत्र के लिए रवाना हुई और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की।
बुआ के घर मिले दोनों किशोर
पुलिस टीम जब सासनगर स्थित दोनों नाबालिगों की बुआ के घर पहुंची तो दोनों किशोर वहां मौजूद मिले। पुलिस ने बुआ से आवश्यक पूछताछ की और उन्हें लखनऊ में दर्ज मुकदमे की जानकारी दी। इसके बाद दोनों नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया गया।पूछताछ में दोनों किशोरों ने पुलिस को बताया कि उन्हें डॉन बॉस्को आश्रयालय में अच्छा नहीं लग रहा था। इसी वजह से 18 अगस्त की रात मौका देखकर वे दोनों वहां से निकल गए थे और पंजाब में अपनी बुआ के घर पहुंच गए।पुलिस ने दोनों नाबालिगों को सकुशल बरामद कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ कमिश्नरेट तरुण गाबा, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के पर्यवेक्षण में तथा अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज राम बाबू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
