लखनऊ में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस आयुक्त ने की समीक्षा बैठक
कानून-व्यवस्था और यातायात पर दिए सख्त निर्देश
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने अपराध की दैनिक मॉनिटरिंग, फेक न्यूज पर कार्रवाई और लंबित विवेचनाओं के जल्द निस्तारण पर दिया जोर
लखनऊ। आगामी त्योहारों के मद्देनजर राजधानी में कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था के डालीगंज स्थित कार्यालय में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा ने की।
गोष्ठी में संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध अपर्णा कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बब्लू कुमार समेत सभी जोन के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को अपराध की दैनिक समीक्षा और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने लूट, डकैती, छिनैती, छेड़खानी, धर्मांतरण, दो समुदायों के बीच विवाद तथा गौकशी और गौवध जैसे संवेदनशील मामलों पर विशेष निगरानी रखते हुए प्रभावी निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
धरना-प्रदर्शन को लेकर सतर्कता
कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों और धरना-प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों की समय-समय पर ब्रीफिंग कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने पर जोर दिया गया।
फेक न्यूज और सोशल मीडिया पर निगरानी
बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि ऐसी किसी भी सूचना का संबंधित जोन तत्काल संज्ञान ले और आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि अफवाहों के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
लंबित विवेचनाओं के जल्द निस्तारण के निर्देश
अपराध संबंधी डेटा की डीसीपी और सर्किल स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। खास तौर पर 60 से 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए एसीपी स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा गया। केस डायरी पोर्टल पर दर्ज प्रविष्टियों और मामलों की अद्यतन स्थिति की भी एसीपी स्तर से नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों में यातायात व्यवस्था पर जोर
आगामी त्योहारों को देखते हुए यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने ट्रैफिक पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
यूपी-112 के रिस्पॉन्स की भी समीक्षा
बैठक में यूपी-112 से प्राप्त सूचनाओं और संबंधित डेटा की समीक्षा करते हुए पुलिस टीमों को त्वरित रिस्पॉन्स देने और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।पुलिस आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की प्रभावी रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
