वाराणसी में टला बड़ा हादसा, भरभराकर गिरा जर्जर मकान का हिस्सा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बुधवार को दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मदनपुरा इलाके में बारिश के बीच एक पुराने जर्जर भवन का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। संयोग से हादसे के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भवन का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस और पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी मौके पर पहुंचे। मदनपुरा पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि इलाके में स्थित भवन संख्या डी-31/207 काफी समय से जर्जर अवस्था में है। बुधवार को भवन का कुछ हिस्सा अचानक ढह गया। भवन में वर्तमान में कोई नहीं रहता है।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, यह भवन मोहम्मद स्वालेह का है। बताया गया कि जर्जर मकान को मजदूरों की मदद से गिराने का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान अचानक भवन का हिस्सा भरभराकर गिर गया। हालांकि, हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
