पीएम मोदी के राजनीतिक यात्रा में 25 वर्ष पूरे होने पर होगा भव्य कार्यक्रम
दार्जिलिंग जिला भाजपा ने दी महीने भर चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी
सिलीगुड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में एक महीने तक विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसी कड़ी में सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग जिले में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को सिलीगुड़ी में पत्रकार वार्ता कर जिला भाजपा ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला भाजपा नेताओं के साथ बैठक भी हुई। बैठक में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, फांसीदेवा के विधायक दुर्गा मुर्मू सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में मंत्री शंकर घोष ने बताया कि 17 सितंबर से एक महीने तक विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रम चलाए जाएंगे। 17 सितंबर की शाम केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का कार्यक्रम रखा गया है।इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के सार्वजनिक और सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों में मां और बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा आंगनबाड़ी कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के दौरान पदयात्रा, बाइक रैली और जनसंपर्क कार्यक्रमों समेत कई अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।भाजपा जिला नेतृत्व के अनुसार, देशभर में चलने वाले इस अभियान के तहत दार्जिलिंग जिले में भी एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
