डिवाइडर से टकराने के बाद धधक उठी जनरथ बस, यात्रियों में मचा हड़कंप
लखनऊ के पारा क्षेत्र में हादसा, फायर टीम ने आग बुझाई; जनहानि नहीं
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। थाना पारा क्षेत्र में बुद्धेश्वर-दुबग्गा मुख्य मार्ग पर भूहर पुल के पास रोडवेज की एसी जनरथ बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के करीब दो से तीन मिनट बाद बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वह धधक उठी।
घटना की सूचना मिलते ही पारा पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग को पूरी तरह बुझाया। बस के अंदर तलाशी के दौरान कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, जनरथ बस संख्या UP 25 FT 9230 पारा की ओर से दुबग्गा की तरफ जा रही थी। भूहर पुल के प्रारंभ में पहुंचने पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल के बाईं ओर बने डिवाइडर से टकरा गई।प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के डिवाइडर से टकराने के लगभग दो से तीन मिनट बाद उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस धधकने लगी।
फायर स्टेशन चौक को रात करीब 12:30 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद चौक और आलमबाग फायर स्टेशन से अग्निशमन वाहन घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बस को चारों तरफ से घेरा और पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग बुझने के बाद पुलिस और फायर कर्मियों ने बस के अंदर गहन तलाशी ली। जांच के दौरान बस में कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं मिला।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में चालक और परिचालक के बस से सुरक्षित बाहर निकलने की बात सामने आई है। हालांकि, मौके पर चालक, परिचालक या यात्रियों के मौजूद नहीं होने के कारण बस के यात्रियों की संख्या और यात्रा के पूरे विवरण की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी।
बस जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त
आग लगने से रोडवेज की जनरथ बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में डिवाइडर से टकराने के बाद आग लगने की संभावना जताई जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है और यातायात का संचालन सुचारु रूप से जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
