अखिलेश यादव का आरोप: भाजपा सरकार में संविधान निर्माता का अपमान
सपा अध्यक्ष ने पीडीए ऑडिट रिपोर्ट जारी कर कसा तंज; 10 वर्षों में बाबा साहेब की 151 प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त होने का दावा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ना संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर जी का सम्मान करती है, ना उनकी मूर्तियों का और ना ही उनके लोगों का। उन्हाेंने दावा किया कि भाजपा की सरकार में हर साल 15 से ज्यादा मूर्तियां क्षतिग्रस्त की गई है। इस तरह प्रदेश में भाजपा सरकार में अब तक 151 बाबा साहेब की मूर्तियां खंडित की गई हैं।
अखिलेश यादव रविवार को पार्टी की ओर से कराए जा रहे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) ऑडिट रिपोर्ट को लेकर सपा मुख्यालय लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस काे संबाेधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान दलित मसीहा एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब का भाजपा द्वारा अपमान किए जाने का आरोप लगाते हुए घेरा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि 10 सालों की भाजपा सरकार में प्रदेश के 72 जिलों में बाबा साहेब की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा अगर इस तरह की घटनाएं सामने आईं हैं तो वह बलिया जनपद में हुई हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि इन प्रतिमाओं के क्षतिग्रस्त एवं अपमान का गुनहगार कौन है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में केवल 14 प्रकरणों में ही गिरफ्तारी की गई हैं, जबकि 45 में मामले अज्ञात हैं। इनमें 08 मामले में नामजद शिकायत की गई हैं। वहीं 84 मामलों में प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई ही नहीं की गई है। भारतीय जनता पार्टी संविधान की दुश्मन तो है ही, गरीबों की भी दुश्मन है इसीलिए डीजल, पेट्रोल हर जरूरत की चीज महंगी हो रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले 10 साल में जिस तरह से जन विराेधी काम भारतीय जनता पार्टी में हुआ है, उससे हर वर्ग के लोग दुखी हैं। जिन अधिकारियों की ज़िम्मेदारी होती है चुनाव आयोग के नियमों का पालन कराने की, उसमें 10 प्रतिशत भी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के अधिकारियों को नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जितनी भी ऑडिट की है, एक का भी जवाब भारतीय जनता पार्टी नहीं दे पायी है।
अखिलेश ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र देते हुए कि हम सब लोगों ने मिलकर के यह फैसला लिया है कि में हर विधानसभा में 27000 वोट बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा दावा किया कि देश में अगर पेपर लीक हुए हैं तो सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में हुए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
