फाइनेंसर को 18 चक्का ट्रेलर खिंचवाना पड़ा मंहगा
किस्त की धनराशि रुपए 16.72 लाख ब्याज समेत वापस करने का आदेश
जिला उपभोक्ता आयोग ने सुनाया फ़ैसला
संत कबीर नगर, महज दो किस्त का आंशिक भुगतान करने के कारण फाइनेंसर के द्वारा 18 चक्का ट्रेलर जबरन खिंचवा लेना मंहगा पड़ गया। जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह व महिला सदस्य संतोष ने वाहन से संबंधित अदेयता प्रमाण पत्र जारी करने के साथ कुल अदा किया गया किस्त रुपए 16 लाख 72 हजार 864 दस प्रतिशत ब्याज समेत 60 दिन के भीतर वापस करने का आदेश दिया है। इसके अतिरिक्त क्षतिपूर्ति के रुप में रुपए 60 हजार अतिरिक्त अदा करना होगा। मामला मेंहदावल थानाक्षेत्र का है।
मेंहदावल थानाक्षेत्र के साड़ेखुर्द गांव निवासी शिवकुमार मिश्र ने अद्विक लीगल कंसल्टेंसी के माध्यम से मुकदमा दाखिल कर कहा कि उन्होंने दिनांक 26 जुलाई 2024 को एक 18 चक्का ट्रेलर रुपए 55 लाख में क्रय किया। वाहन क्रय करते समय उन्होंने उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक लिमिटेड से रुपए 45 लाख 78 हजार 520 का ऋण लिया था, जिसका भुगतान रुपए एक लाख चार हजार 554 के 59 मासिक किस्त में करना था। वह प्रत्येक माह किस्त का भुगतान करते रहे। किस्त के रूप में उन्होंने रुपए 16 लाख 72 हजार 864 भुगतान किया। आर्थिक स्थिति अचानक खराब हो जाने के कारण जुलाई व अगस्त 2025 के आंशिक किस्त का भुगतान कर सके। दिनांक 17 अगस्त 2025 को फाइनेंसर के द्वारा बगैर कोई नोटिस दिए जबरन वाहन को खिंचवा लिया गया और औने पौने दाम पर महज रुपए 12 लाख 65 हजार में विक्रय कर दिया गया। इसके साथ ही फाइनेंसर के द्वारा रुपए 32 लाख 73 हजार 179 बकाए की नोटिस भेज दी गई। पीड़ित परेशान होकर फाइनेंसर के कार्यालय का चक्कर लगाते रहे, परंतु कोई सुनवाई न होने पर थक हार कर अद्विक लीगल कंसल्टेंसी के माध्यम से न्यायालय में मुकदमा दाखिल करना पड़ा।
न्यायालय ने पत्रावली पर दाखिल प्रपत्रों व साक्ष्यों का अवलोकन करने के उपरांत फाइनेंस कंपनी के खिलाफ फैसला सुनाया है। वाहन से संबंधित अदेयता प्रमाण पत्र जारी करने के साथ कुल अदा किया गया किस्त रुपए 16 लाख 72 हजार 864 दस प्रतिशत ब्याज समेत 60 दिन के भीतर चुकाने का आदेश दिया है। इसके अतिरिक्त क्षतिपूर्ति के रुप में रुपए 60 हजार अतिरिक्त अदा करना होगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
