खबर का असर: जनता की शिकायतों पर चेयरपर्सन फात्मा रज़ा का तुरंत एक्शन
वार्ड 25 की सडक सहित कई समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
बदायूं। चेयरपर्सन फात्मा रज़ा के तीन वर्ष के कार्यकाल को लेकर दैनिक तरुणमित्र द्वारा जनता की राय जानी गई। इस दौरान अधिकांश लोगों ने चेयरपर्सन के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया, वहीं कई लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से भी अवगत कराया।
जनता से मिले फीडबैक के दौरान कई वार्डों से टूटी सड़कों, नालों-नालियों की सफाई, जल निकासी तथा अन्य स्थानीय समस्याओं की जानकारी सामने आई। प्राप्त शिकायतों की जानकारी चेयरपर्सन फात्मा रज़ा तक पहुंची, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई स्थानों पर पालिका की टीम भेजकर मौके पर जांच कराई गई तथा जहां सफाई, नालियों और अन्य समस्याएं मिलीं, वहां आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई गई।
ये खबर भी पढ़े : डीएम एंव एसपी ने जुलूस मार्गों व करबला स्थलों का निरीक्षण कर ड्यूटी एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजाइसी क्रम में वार्ड नंबर 25 के स्थानीय लोगों ने बताया कि उनके क्षेत्र की सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी। कई बार समस्या उठाए जाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने आपस में धन एकत्र कर सड़क का निर्माण करा लिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस मामले में संबंधित सभासद द्वारा अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।
इस संबंध में खबर से जानकारी मिलने पर चेयरपर्सन फात्मा रज़ा ने तत्काल नगर पालिका की टीम को मौके पर भेजकर पूरे मामले की जांच कराई। चेयरपर्सन फात्मा रज़ा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी खबर के माध्यम से मिली। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर धन एकत्र कर सड़क का निर्माण कराया है, तो नियमानुसार निर्माण कार्य का भुगतान नगर पालिका परिषद द्वारा कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि जनसमस्याओं पर संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू होना एक सकारात्मक कदम है। लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर की अन्य समस्याओं का भी इसी प्रकार समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
