प्रीमियर लीग में दीपनगर-11 व लीजेंड-11 की शानदार जीत
राकेश यदुवंशी
बेलरायां-खीरी,25 जून(तरुणमित्र)। महाराजा अग्रसेन खेल मैदान पर चल रही तिकुनिया प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए दो रोमांचक मुकाबलों में दीपनगर-11 और लीजेंड-11 ने शानदार जीत दर्ज की। मैचों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पर मौजूद रहे।
पहले मुकाबले में दीपनगर-11 और चर्रा-11 नेपाल आमने-सामने हुए। चर्रा-11 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दीपनगर-11 ने निर्धारित 12 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 135 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कम्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए, जबकि अनीस ने मात्र 9 गेंदों पर 26 रन की तेजतर्रार पारी खेली। चर्रा-11 की ओर से रोहित ने 3 तथा जेनिथ ने 2 विकेट हासिल किए।
ये खबर भी पढ़े : अग्निकांड पीड़ितों के बीच पहुंचे ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह,आर्थिक सहायता देकर,आगे भी दिया मदद का भरोसा136 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चर्रा-11 की टीम दीपनगर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 48 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से रोहित ने सर्वाधिक 7 रन बनाए। इस तरह दीपनगर-11 ने 88 रन के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले कम्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच के मुख्य अतिथि नगर के प्रमुख व्यवसायी दुर्गा प्रसाद गोयल रहे।
दिन का दूसरा मुकाबला लीजेंड-11 तिकुनिया और उमंग-11 के बीच खेला गया। उमंग-11 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लीजेंड-11 की टीम 63 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से तेजपाल ने 9 गेंदों पर 13 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। उमंग-11 की ओर से यश दानिश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि प्रिंस और भोले ने 2-2 विकेट प्राप्त किए।
64 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उमंग-11 की टीम निर्धारित ओवरों में 52 रन ही बना सकी। लीजेंड-11 की ओर से संदीप चौहान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। लीजेंड-11 ने यह मुकाबला 11 रन से जीत लिया। संदीप चौहान को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
दूसरे मैच के मुख्य अतिथि नगर के चिकित्सक डॉ. योगेश रहे। प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका आनंद अग्रवाल एवं आरिफ ने निभाई। स्कोरर माहिर अग्रवाल रहे, जबकि कमेंट्री का संचालन सलमान इदरीसी, सरफराज और बॉबी शर्मा ने किया। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
