नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर विवाह कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 और आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। थाना मोहनलालगंज पुलिस टीम ने नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर जबरन विवाह कराने वाले गिरोह के दो और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पहले भी तीन आरोपियों को पकड़ा जा चुका था।
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को पीड़िता कमलेशा ने सूचना दी थी कि उनकी दो नाबालिग रिश्तेदार (उम्र लगभग 16 और 12 वर्ष) को उनके ही परिचितों द्वारा बहला-फुसलाकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है। इस पर थाना मोहनलालगंज में मु0अ0सं0 175/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर चार पुलिस टीमें गठित की गईं।
लगातार प्रयासों, लगभग 100 सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 मई 2026 को दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया था। जांच में सामने आया कि एक संगठित गिरोह बालिकाओं को लालच देकर राजस्थान के कोटा ले जाता था, जहां उनकी जबरन शादी कराई जाती थी।
गिरोह का खुलासा
विवेचना में यह भी सामने आया कि गिरोह में शामिल लोग कमजोर आर्थिक स्थिति वाली नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाकर उन्हें घुमाने-फिराने और परिजनों से मिलाने का झांसा देकर ले जाते थे। इसके बाद उनकी तस्वीरें राजस्थान भेजकर पैसे तय किए जाते थे और वहां जबरन विवाह कराया जाता था।इससे पहले भी गिरोह द्वारा कई घटनाओं को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
गिरफ्तारी
पुलिस ने फरार चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है—
भूपेन्द्र चौहान (उम्र 23 वर्ष), निवासी बम्बोरी, थाना जलौधा जागीर, जनपद प्रतापगढ़ (राजस्थान)
सोनम कुमारी (उम्र 20 वर्ष), पत्नी भूपेन्द्र चौहान
दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मास्टरमाइंड का तरीका
जांच में सामने आया कि गिरोह की मुख्य आरोपी प्रिया पटेल अपने साथियों के साथ मिलकर लड़कियों की पहचान कर उन्हें झांसे में लेती थी। इसके बाद उनकी तस्वीरें राजस्थान भेजी जाती थीं, जहां तय रकम (1.5 से 2 लाख रुपये प्रति लड़की) के बदले जबरन शादी कराई जाती थी।पुलिस के अनुसार, गिरोह ने पहले भी रायबरेली की दो बहनों को इसी तरह बेचकर शादी कराने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। मामले में गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
