80 लाख रुपये की ब्राउन शुगर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार,पलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
तलहा हसन
लखीमपुर खीरी। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में थाना पलिया पुलिस ने चार अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 400 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक पलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे भीरा रोड स्थित मेला घाट मोड़, अटरिया क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन तथा नकदी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में सनी कुमार गुप्ता (पलिया), पप्पू सिंह (पीलीभीत), तरसेम सिंह (उधम सिंह नगर, उत्तराखंड) और परमजीत सिंह (पढ़ुआ, खीरी) शामिल हैं। इनमें सनी कुमार, पप्पू सिंह और परमजीत सिंह के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना पलिया में मु0अ0सं0 195/2026 के तहत धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामजीत यादव, उपनिरीक्षक विवेक त्रिपाठी सहित थाना पलिया के पुलिसकर्मी शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
