दो समूहों की महिलाएं ब्लॉक परिसर में भिड़ीं, जमकर मारपीट एक घंटे तक चला हंगामा,पुलिस ने पहुंचकर कराया शांत
बवाल के दौरान कर्मचारी कार्यालय छोड़कर निकले बाहर
शहनूर अली
निघासन-खीरी,03 जुलाई(तरुणमित्र)। ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को दो समूहों की महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। महिलाओं के उग्र तेवर देखकर ब्लॉक कार्यालय के कर्मचारी अपने कक्ष छोड़कर बाहर निकल गए। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
बताया जाता है कि एक पक्ष की महिलाएं पहले से ही ब्लॉक परिसर में मौजूद थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष की महिलाएं एसडीएम को ज्ञापन देने के बाद बीडीओ को ज्ञापन सौंपने के लिए ब्लॉक पहुंचीं। आमना-सामना होते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से जमकर हाथापाई हुई, जिससे पूरे ब्लॉक परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,ब्लॉक में पहले कार्यरत रहे बुककीपर श्रवण भी उस समय कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों की महिलाएं आमने-सामने आ गईं और विवाद बढ़ गया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पहुंची पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और दोनों पक्षों को शांत कराया।
अधूरे बयान लेकर लौटी जांच टीम
समूहों से जुड़े मामले की जांच के लिए जिला मुख्यालय से आई टीम विवाद के कारण सभी पक्षों के बयान दर्ज नहीं कर सकी। बीडीओ ने बाद में विस्तृत जांच कराने की बात कही। साथ ही बिना पूर्व सूचना के टीम के पहुंचने पर नाराजगी भी जताई।
बीएमएम आशीष दीक्षित का हुआ स्थानांतरण
बीडीओ ने बताया कि विवाद की स्थिति को देखते हुए बीएमएम आशीष दीक्षित का स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके स्थान पर जल्द ही नए बीएमएम की नियुक्ति की जाएगी।
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
