हर घर तक पीएनजी पहुंचाने पर जोर, लंबित एनओसी जल्द निस्तारित करने के निर्देश
पीएनजी गैस उपलब्ध कराने के लिए डीएम ने दिए सख्त निर्देश
रामनाथ सिंह
- अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने पर जोर, प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं। साथ ही प्रस्तावित पेट्रोल पंपों से जुड़े लंबित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन का कार्य चल रहा है, वहां गुणवत्ता और तय समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को जल्द सुविधा मिल सके। उन्होंने पात्र परिवारों से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि पेट्रोल पंपों से संबंधित लंबित एनओसी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर समय पर निस्तारण किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
नगर पालिका अधिकारियों को पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदी गई सड़कों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध पुनर्स्थापन कराने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को आवश्यकतानुसार बिजली के पोल और लाइनों के स्थानांतरण में प्राथमिकता से कार्रवाई करने तथा जल निगम (शहरी) को गैस पाइपलाइन कार्य के दौरान पेयजल पाइपलाइन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जलापूर्ति प्रभावित न हो। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
