पत्रकारों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा निस्तारण : डीएम
जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित
रामनाथ सिहं, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय स्थाई समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। जो प्रकरण जिला स्तर पर निस्तारित किए जा सकते हैं, उनका समाधान यहीं कराया जाएगा, जबकि जिला स्तर पर निस्तारण संभव न होने वाले मामलों को शासन को संदर्भित किया जाएगा।
बैठक में समिति के पत्रकार सदस्यों ने अपना परिचय दिया। सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला ने समिति के गठन की मूल भावना से सदस्यों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत पत्रकारों एवं जिला प्रशासन के बीच मधुर एवं सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने तथा प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पत्रकार स्थाई समिति गठित की जाती है। समिति में पुलिस अधीक्षक पदेन सदस्य तथा सहायक निदेशक सूचना संयोजक सदस्य होते हैं। इसके अलावा चार मान्यता प्राप्त पत्रकार एवं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का एक नामित प्रतिनिधि सदस्य होता है।
पत्रकारों ने उठाए कई अहम मुद्दे
बैठक में पत्रकारों ने मेडिकल कॉलेज में पत्रकारों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था, थानों में आयोजित शांति समिति की बैठकों में पत्रकारों को आमंत्रित करने, मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, टोल प्लाजा पर पत्रकारों के लिए निःशुल्क व्यवस्था, प्रेस क्लब की स्थापना तथा जनपद के पत्रकार संजीव शर्मा की बेटी की मृत्यु के मामले की निष्पक्ष जांच कराने सहित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित प्रकरणों के नियमानुसार निस्तारण का आश्वासन दिया। सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला ने बताया कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सहयोग से आयुष्मान मित्र के माध्यम से विशेष कैंप लगाया जाएगा। इसकी सूचना सभी मान्यता प्राप्त पत्रकारों को अलग से दी जाएगी।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी अभय कुमार पांडेय, मान्यता प्राप्त पत्रकार डॉ. जमील अहमद, आसिफ अंसारी, शहजाद अंसारी, जहीर अहमद तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
