ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर संभावित बाढ़ क्षेत्रों में पहुंचीं डीएम
ग्रामीणों से सीधा संवाद, सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने के निर्देश
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बुधवार को अधिकारियों के साथ तहसील नगीना के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने अपर जिलाधिकारी देवेंद्र पाल एसडीएम नगीना प्रिंस कुमार, क्षेत्राधिकारी नगीना राजेश कुमार सोलंकी, नायब तहसीलदार बढ़ापुर व नगीना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ग्राम मुरादबख्शपुर उर्फ मतवाली और कादरगंज पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
डीएम और अधिकारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर नदी के तट एवं प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि मंगलवार को तहसील नगीना के परगना बढ़ापुर क्षेत्र के ग्राम मुरादबख्शपुर उर्फ मतवाली में जलस्तर बढ़ने से गांव में पानी प्रवेश कर गया था। ग्रामीणों से सूचना मिलते ही एसडीएम नगीना राजस्व टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली।
बुधवार को निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने गांव में रहने वाले वन गुर्जर समुदाय के लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। डीएम ने ग्रामीणों को नदी के पानी से बचाव के लिए सतर्कता बरतने तथा नदी के तट से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में सतर्क रहते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
