कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
डीएम और एसपी ने स्वार क्षेत्र के प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण,राहत एवं बचाव के पुख्ता इंतेज़ाम के निर्देश
मुजाहिद खां
रामपुर:लगातार हो रही वर्षा और रामनगर बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।जिलाधिकारी के निर्देश पर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रखी गई हैं।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया के साथ तहसील स्वार के पसियापुरा,रुस्तम नगर एवं छपरा गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया।उन्होंने मौके पर जलभराव की स्थिति,कोसी नदी के जलस्तर तथा ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोसी नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए।राजस्व,पुलिस,सिंचाई और आपदा राहत की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें तथा संवेदनशील गांवों में लगातार भ्रमण कर स्थिति की जानकारी लेते रहें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले से पूरी रखें।जिलाधिकारी ने जलमग्न एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और बच्चों को पानी भरे क्षेत्रों तथा नदी के किनारे न जाने दें।गांवों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी देने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क कटान के कारण टूटे गांव के संपर्क मार्ग के लिए ट्रैक्टर और नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने और वहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश एसडीएम स्वार को दिए।साथ ही नाव,लाइफ जैकेट,राहत सामग्री और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविरों में भोजन,स्वच्छ पेयजल,चिकित्सा,प्रकाश,शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा कोसी नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
