कर्तव्य की गरिमा, सेवा का सम्मान, थाना महुली में होमगार्ड राजदेव चौधरी को भावभीनी विदाई
संत कबीर नगर, आज थाना महुली जनपद संतकबीरनगर में कंपनी नाथनगर पर तैनात होमगार्ड राजदेव चौधरी के 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर पुलिस परिवार द्वारा एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया ।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडे, वरिष्ठ उप निरीक्षक परवेज अहमद, उप निरीक्षक सोमनाथ मिश्रा, एसीसी जामवंत चौधरी, पीसी राकेश कुमार गुप्ता, कंपनी अधिकारी, थाना महुली के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण, होमगार्ड एवं पीआरडी जवान उपस्थित रहे।
समारोह में वक्ताओं ने श्री राजदेव चौधरी जी के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन सदैव पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ किया। उनका सेवाभाव, सादगी, समयपालन और कर्तव्यपरायणता आने वाली पीढ़ी के पुलिस एवं होमगार्ड जवानों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी । वर्दी की वास्तविक पहचान केवल पद से नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनहित के प्रति निष्ठा से होती है। एक कर्मयोगी कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि उसके उत्कृष्ट कार्य और आदर्श सदैव समाज एवं विभाग का मार्गदर्शन करते रहते हैं ।
समस्त पुलिस परिवार की ओर से श्री राजदेव चौधरी जी को स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त की गईं ।
"सेवा का अंत हो सकता है, लेकिन सेवा से अर्जित सम्मान और संस्कार जीवनभर अमर रहते हैं ।"
थाना महुली पुलिस परिवार राजदेव चौधरी के उत्कृष्ट योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं आनंदमय भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करता है ।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
