मूसलाधार बारिश से बदायूं बेहाल, सड़कें बनीं तालाब, कई घरों और दुकानों में घुसा पानी
बदायूं। बुधवार सुबह हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। सुबह करीब सात बजे शुरू हुई बारिश लगभग 11 बजे तक जारी रही, जिसके चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं और कई इलाकों में जलस्तर इतना बढ़ गया कि लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया।
कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं गांधी ग्राउंड रोड समेत आसपास के क्षेत्रों के कई मकानों में गंदा पानी भर गया। लोगों ने घंटों तक बाल्टियों और अन्य साधनों से घरों से पानी बाहर निकालने का प्रयास किया। बारिश के कारण पनबड़िया स्थित बिजलीघर भी जलभराव की चपेट में आ गया। परिसर में पानी भरने से ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरण प्रभावित हुए, जिसके चलते शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे लोगों को जलभराव के साथ बिजली कटौती की समस्या का भी सामना करना पड़ा। लगातार हुई बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में हालात सामान्य होने में काफी समय लगा। लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
