लखनऊ। यूपी मेडिकल काउंसिल के सदस्य,इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के संयुक्त सचिव जोन थ्री,आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ पीके गुप्ता ने मांग की है कि पहली जुलाई को होने वाले चिकित्सक दिवस को भी शिक्षक दिवस की तरह आधिकारिक मान्यता मिलनी चाहिये,इसे अभी आधिकारिक रूप से सरकार द्वारा नहीं मनाया जाता है। यह जानकारी देते हुए डॉ गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा आधिकारिक मान्यता मिलने के बाद प्रत्येक सरकारी मेडिकल संस्थानों में भी यह दिवस मनाने की परंपरा बन जाएगी, जो कहीं न कहीं नये चिकित्सकों को भी प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि इससे पब्लिक में भी अच्छा संदेश जायेगा तथा होनहार और संवेदनशील बच्चे इस पेशे की तरफ और आकर्षित होंगे। डॉ गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपनी मांग और सुझाव आज डॉक्टर्स डे के मौके पर सरोजनी नगर के विधायक डॉ राजेश्वर सिंह द्वारा आयोजित चिकित्सकों को सम्मानित किये जाने के कार्यक्रम के मौके पर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना और विधायक डॉ राजेश्वर सिंह के समक्ष भी रखी।
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।