कॉमेडी रील्स से लोगों के चेहरों पर बिखेर रहे मुस्कान
बदायूं। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियों और कामकाज में इतना व्यस्त हो गया है कि खुलकर हंसने के पल भी कम होते जा रहे हैं। ऐसे दौर में यदि कोई टीम लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का लगातार प्रयास कर रही हो, तो वह निश्चित रूप से सराहना की हकदार है। बदायूं की अरशद नसीरी और धमाल चौकड़ी कॉमेडी टीम सोशल मीडिया के माध्यम से यही काम बखूबी कर रही है। अपनी साफ-सुथरी, पारिवारिक और स्वस्थ मनोरंजन से भरपूर कॉमेडी रील्स के जरिए यह टीम हजारों लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने में सफल हो रही है। कम समय में ही अरशद नसीरी और धमाल चौकड़ी ने फेसबुक पर अपनी अलग पहचान बना ली है।
आज जब सोशल मीडिया पर हर दिन हजारों वीडियो अपलोड होते हैं, ऐसे माहौल में अपनी अलग पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन टीम की मेहनत, रचनात्मक सोच और दर्शकों के भरपूर प्यार ने इस कठिन सफर को आसान बना दिया। टीम सामाजिक और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आधारित कॉमेडी रील्स तैयार करती है, जिन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाता है। स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे इन वीडियो में दैनिक जीवन की छोटी-छोटी घटनाओं और सामाजिक विषयों को हास्य के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। यही कारण है कि दोनों चैनलों की रील्स को सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रिया मिल रही है और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।
अरशद नसीरी, परवेज खान, अज़हर उद्दीन का कहना है कि उनका सबसे बड़ा उद्देश्य लोगों का स्वस्थ मनोरंजन करना है। उनका मानना है कि यदि उनकी किसी रील को देखकर किसी व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान आ जाए, तो यही उनकी टीम की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हमारी सब एक टीम है, हम सब मिलकर लोगों को हंसाने का काम कर रहे हैं। टीम में कलाकार परवेज खान, राइटर शारिक नसीरी, एडिटर उमैर खान, बाल कलाकार अज्जू तथा सह कलाकार गुड्डा और नसीम, कैसर मियां, इकबाल डा भूरा, मुंशी मियां, इकराम सुल्तान भी पूरी मेहनत और लगन के साथ हर रील को बेहतर बनाने में जुटे रहते हैं। उनका कहना है कि उनका प्रयास आगे भी पारिवारिक और साफ-सुथरे मनोरंजन से जुड़े वीडियो तैयार करने का रहेगा। साथ ही दर्शकों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर कंटेंट को और बेहतर बनाने की दिशा में भी काम जारी रहेगा। स्थानीय कलाकारों का मानना है कि डिजिटल मंचों ने उन्हें अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर दिया है, जिसका वे सकारात्मक उपयोग करना चाहते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
