वाराणसी में सवर्ण समाज का धरना चौथे दिन भी जारी
सवर्ण आर्मी भारत ने आरक्षण में सुधार और आर्थिक आधार पर आरक्षण की उठाई मांग
UGC से जुड़े कानून को वापस लेने और SC/ST Act के कथित दुरुपयोग पर रोक की मांग
वाराणसी। सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर वाराणसी में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा। सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे अपनी टीम के साथ धरने में शामिल हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण व्यवस्था में सुधार, आर्थिक आधार पर आरक्षण, UGC से जुड़े कानून को वापस लेने, SC/ST Act के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने और सवर्ण आयोग के गठन की मांग की है।
धरने को संबोधित करते हुए सूरज प्रसाद चौबे ने कहा कि सवर्ण समाज लंबे समय से इन मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए और व्यवस्था में सुधार किया जाना चाहिए।
मंगलवार को एसीपी वाराणसी प्रज्ञा पाठक और सिटी मजिस्ट्रेट पुलिस बल के साथ धरनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन देने और धरना समाप्त करने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे पहले भी कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। अब वे वाराणसी के सांसद, उनके प्रतिनिधि या किसी केंद्रीय मंत्री से वार्ता करना चाहते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वार्ता होने तक धरना जारी रहेगा। इसके लिए एक प्रतिनिधि भी तय किया गया है। सवर्ण आर्मी भारत ने फिलहाल धरना अनिश्चितकालीन जारी रखने की बात कही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
