यूपी नीट: काउंसलिंग के लिए पंजीकरण का समय बढ़ा
लखनऊ। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय ने यूपी नीट यूजी-2026 की प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीकरण की समय-सीमा बढ़ा दी है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी, नई दिल्ली की ओर से जारी संशोधित समय-सारिणी के क्रम में राज्य के राजकीय एवं निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में एमबीबीएस एंड बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह निर्णय लिया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण एवं अभिलेख अपलोड करने की प्रक्रिया एक सितंबर को शाम पांच बजे से शुरू होकर दो सितंबर को दोपहर दो बजे तक चलेगी। अभ्यर्थी इसी अवधि में अपना पंजीकरण पूरा कर सकेंगे। वहीं, पंजीकरण शुल्क एवं धरोहर धनराशि जमा करने की अंतिम समय-सीमा दो सितंबर 2026 को दोपहर तीन बजे तक निर्धारित की गई है। प्रथम चरण की मेरिट सूची दो सितंबर को जारी की जाएगी।
महानिदेशालय की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि यूपी नीट यूजी-2026 काउंसलिंग में शासनादेश संख्या 1448377/2026/71-4099/1011/2022 दिनांक 1 सितंबर 2026 के प्रावधानों के अनुसार एनसीसी कैडेट के लिए एक प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।
विभाग ने अभ्यर्थियों को काउंसलिंग से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय तथा यूपी नीट की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है। काउंसलिंग संबंधी सहायता के लिए 8189011696, 8189011697, 8189011698, 8189011699 और 8189011700 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
