करनैलगंज(गोंडा)। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे के विरुद्ध दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। अधिवक्ता अरविन्द शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम नेहा मिश्रा को सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पूर्व विधायक पर राजनीतिक दबाव में मुकदमा दर्ज कराया गया है। राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं का विरोध करने पर उन्हें निशाना बनाया गया। निष्पक्ष जांच कर मुकदमा वापस लेने की मांग की गई।
सपा नेता राम अवध गोस्वामी ने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू होगा। भगवती प्रसाद मिश्र ने जेल भरो आंदोलन की बात कही, जबकि अधिवक्ता त्रिलोकीनाथ तिवारी ने प्रशासन को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। ज्ञापन में कटरा बाजार विधानसभा समेत जिले में सपा कार्यकर्ताओं और ब्राह्मण समाज के कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा प्रशासनिक एवं न्यायिक कार्यवाहियों को निष्पक्ष बनाने की मांग भी की गई। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भेजी गई।
प्रदर्शन में त्रिलोकीनाथ तिवारी, राम कुमार शुक्ल, राम अवध गोस्वामी, भगवती प्रसाद मिश्र, अमरेश कुमार चतुर्वेदी, विद्या प्रसाद मिश्र, नंद किशोर ओझा, पंकज गोस्वामी, अर्जुन गोस्वामी, चंद्रदीप सिंह, विनय पाण्डेय, कुलदीप श्रीवास्तव, रूप नारायण चवन्नी, लेखराज यादव, शिवनरेश पाण्डेय, अजय मिश्र, बाबादीन मिश्र सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।