लम्बे समय से एक ही मण्डल में तैनात कर्मचारियों के स्थानान्तरण की मांग
कार्रवाई न हुई तो सीएम योगी से मिलेंगे हियुवा महामंत्री कन्हैया लाल
बस्ती - बस्ती मण्डल मुख्यालय में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों के स्थानांतरण को लेकर हिन्दू युवा वाहिनी ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। संगठन के जिला महामंत्री एवं नामित सभासद कन्हैया लाल ने इस संबंध में राजस्व परिषद लखनऊ के अध्यक्ष को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि बस्ती मंडल के कार्यालय में कई कर्मचारी करीब 10 से 12 वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं। संगठन का कहना है कि लंबे समय से एक ही कार्यालय में तैनाती रहने के कारण संबंधित कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में अनियमितता, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता की शिकायतें सामने आ रही हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि इस संबंध में पूर्व में कई बार आयुक्त, बस्ती मण्डल को अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि प्रभावी कार्रवाई न हुई तो वे मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या के समाधान की मांग करेंगे।
हियुवा जिला महामंत्री कन्हैया लाल ने पत्र में छह कर्मचारियों का उल्लेख करते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की है। इनमें वरिष्ठ सहायक कलेक्टेªट के शैलेश कुमार श्रीवास्तव और अनुपम कुमार, कनिष्ठ सहायक कलेक्टेªट बस्ती आलोक कुमार सिंह व सलम श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ सहायक कलेक्टेªट संतकबीर नगर राजेश रसाल और सौरभ श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।
पत्र में शासन के 5 मई 2026 के आदेश का हवाला देते हुए कहा गया है कि किसी कर्मचारी के एक मंडल में सात वर्ष पूर्ण हो जाने के बाद उसका स्थानांतरण दूसरे मंडल में किया जाना विधि सम्मत है। संगठन ने मांग की है कि शासन के निर्देशों के अनुरूप लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों के संबंध में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा उनका स्थानांतरण किया जाए।
कन्हैया लाल का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई और लंबे समय से तैनात कर्मचारियों का स्थानांतरण नहीं हुआ, तो वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे और पूरे प्रकरण से उन्हें अवगत कराएंगे।
उन्होंने कहा कि मामला जनहित और प्रशासनिक पारदर्शिता से जुड़ा है, इसलिए शासन के निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई होना जरूरी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
