सफाईकर्मियों की नियमित उपस्थिति की मांग को लेकर शिक्षकों ने डीएम, सीडीओ को सौंपा ज्ञापन
बस्ती - परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने तथा ग्रामसभाओं में तैनात सफाईकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद सिंह और जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में विद्यालयों में सफाईकर्मियों की दैनिक हाजिरी दर्ज कराने की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
संगठन ने कहा कि ग्रामसभाओं में तैनात सफाईकर्मियों से संबंधित विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई कराया जाना आवश्यक है। शासन-प्रशासन की ओर से विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है, लेकिन कई विद्यालयों में सफाईकर्मियों के नियमित नहीं पहुंचने से परिसर, शौचालय और आसपास के क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण पर पड़ सकता है। ज्ञापन में मांग की गई कि सफाईकर्मियों की उपस्थिति विद्यालय स्तर पर निर्धारित पंजिका में प्रतिदिन दर्ज कराई जाए। प्रधानाध्यापक अथवा प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा उनकी उपस्थिति और किए गए सफाई कार्य का प्रमाणीकरण कराया जाए। सफाईकर्मियों को विद्यालय परिसर, शौचालयों तथा आसपास के क्षेत्र की नियमित सफाई के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।
संगठन ने यह भी मांग की कि बिना उचित कारण विद्यालय से अनुपस्थित रहने अथवा सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले सफाईकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक माह मानदेय अथवा वेतन भुगतान से पूर्व उनकी वास्तविक उपस्थिति और कार्य का सत्यापन सुनिश्चित कराया जाए। संगठन ने कहा कि स्वच्छ विद्यालय ही बच्चों के लिए स्वस्थ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करा सकते हैं। इसलिए सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन स्तर से ठोस कार्रवाई आवश्यक है।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर तिवारी, उपाध्यक्ष गिरजेश चौधरी, जितेंद्र पाण्डेय, विवेक कांत पांडेय, अनिल पाठक, राम भवन, राम ललित, सुरेश गौड़,विनोद यादव, विवेक प्रताप सिंह,संजय यादव, चंदन श्रीवास्तव, अविनाश दुबे,सनद पटेल, प्रवीण श्रीवास्तव, प्रमोद सिंह, बृजेश त्रिपाठी, राम पियारे, अनूप सिंह, मुरलीधर, अखिलेश पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
