ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के सेवानिवृत्त कर्मचारी का शव बंद कमरे में मिला
कानपुर,। रावतपुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में शुक्रवार को एक 92 वर्षीय बुजुर्ग का कई दिन पुराना शव उनके घर के बंद कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव सड़ चुका था और घर के आसपास तेज दुर्गंध फैलने के बाद परिजनों तथा पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (गन फैक्ट्री) से सेवानिवृत्त कर्मचारी ईबख्श के रूप में हुई है। वह वर्ष 2003 में सेवा निवृत्त हुए थे और आनंद नगर स्थित अपने दो मंजिला मकान में परिवार के साथ रहते थे। घर के निचले हिस्से में बने एक कमरे में वह अकेले रहते थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य ऊपरी मंजिल पर रहते थे।
परिजनों के अनुसार ईबख्श बीते कुछ दिनों से दिखाई नहीं दिए थे। शुरुआत में परिवार को लगा कि वह अपने कमरे में आराम कर रहे हैं, क्योंकि अकेले रहने की उनकी पुरानी आदत थी। जब काफी समय तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की सूचना भी दी गई थी।
ये खबर भी पढ़े : मां विंध्यवासिनी धाम की 11 दान पेटिकाओं से निकले 18.27 लाख रुपये, बैंक खाते में जमाइसी बीच घर के आसपास लगातार दुर्गंध आने लगी। पहले लोगों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन बदबू बढ़ने पर परिवार और पड़ोसियों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे की जांच की। दरवाजा खुलवाने पर अंदर बुजुर्ग का शव मिला, जो कई दिन पुराना होने के कारण काफी सड़ चुका चुका था।
मृतक के बेटे अनुराग ने बताया कि पिता नौ जून के बाद से किसी को दिखाई नहीं दिए थे। परिवार को लगा था कि वह अपने कमरे में हैं, लेकिन बाद में शंका होने पर तलाश शुरू की गई। जब घर के आसपास दुर्गंध फैलने लगी तो पुलिस को सूचना दी गई।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
