एनएच-31 किनारे झाड़ी में मिला युवक का शव, गले में मिला आईडी कार्ड
ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप की चर्चा, पुलिस जांच में जुटी
कुरसेला, कटिहार। कुरसेला थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित कबीर मठ के समीप सड़क किनारे झाड़ी में रविवार की अहले सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण पुलिस हत्या और दुर्घटना समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह नदी में मछली पकड़ने जा रहे एक मछुआरे की नजर कबीर मठ के समीप झाड़ी में औंधे मुंह पड़े युवक पर पड़ी। पास में मौजूद एक चरवाहे से पूछताछ करने पर पता चला कि युवक काफी देर से उसी अवस्था में पड़ा था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
ये खबर भी पढ़े : एडीएम व एएसपी ने श्रावण मास/कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत बिड़हर घाट का किया स्थलीय निरीक्षणमौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को पलटकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के गले में लटके परिचय पत्र (आईडी कार्ड) से उसकी पहचान अंशु कुमार झा, पिता अरुण झा, निवासी सिमरा, थाना नवगछिया, जिला भागलपुर के रूप में हुई। आईडी कार्ड पर उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस का नाम भी अंकित था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए युवक की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत किसी दुर्घटना में हुई या उसकी हत्या कर शव को झाड़ी में फेंका गया।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी, और न ही पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मृतक के परिजनों से संपर्क किया गया है और मामले की सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
