कांग्रेस ने बिजली कटौती को लेकर सौपा ज्ञापन, यूपीआई में शुल्क के विरोध में चलाया जागरूकता अभियान
नागरिकों पर मंहगाई थोप रही है सरकार - विश्वनाथ चौधरी
बस्ती - शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में बिजली संकट, अघोषित कटौती आदि के सवाल को लेकर मुख्य अभियन्ता विजय कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। मांग किया कि विद्युत कटौती तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाय। मुख्य अभियन्ता ने कांग्रेस पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर कटौती का संकट दूर करा लिया जायेगा। कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने चेतावनी दिया कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान न हुआ तो पार्टी जनहित के सवालों को लेकर आन्दोलन को बाध्य होगी। इसी कड़ी में प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर कांग्रेस नेताओं ने यूपीआई के भुगतान में चार्ज लिये जाने के विरोध में गांधीनगर बाजार में व्यापारियों को जागरूक करते हुये खतरों से अवगत कराया।
ज्ञापन और यूपीआई के भुगतान में चार्ज लिये जाने के सवाल को लेकर जागरूकता अभियान के बाद जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार जनहित के सवालों को लेकर पूरी तरह से संवेदनहीन है। अमेरिकी दबाव में यूपीआई के भुगतान में चार्ज लिये जाने से पहले से ही मंहगाई की मार का सामना कर रहे नागरिकों के समक्ष एक नया संकट खड़ा हो जायेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, डा. दीपेन्द्र सिंह, डा. वाहिद अली सिद्दीकी शहर अध्यक्ष शौकत अली नन्हू आदि ने कहा कि ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था आज आम जनता, छोटे व्यापारियों, पटरी दुकानदारों और रोज कमाने-खाने वालों के लिए लेनदेन का जरूरी जरिया बन गई है। डिजिटल भुगतान से जुड़े शुल्क में बढ़ोतरी से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पडेगा। ़ महंगाई के इस दौर में आम जनता और छोटे कारोबारी पहले से ही आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान से जुड़े किसी भी अतिरिक्त शुल्क का असर व्यापार और उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। सरकार इस जन विरोधी निर्णय को तत्काल प्रभाव से वापस ले।
मुख्य अभियन्ता विद्युत को ज्ञापन सौंपने और यूपीआई के भुगतान में चार्ज लिये जाने के सवाल को लेकर जागरूकता अभियान के दौरान मुख्य रूप से ई. राज बहादुर निषाद, अमरदेव सिंह, शिव विभूति मिश्र, संजीव त्रिपाठी, शेर मोहम्मद, राहुल चौधरी, सर्वेश शुक्ल, सोमनाथ संत, फजले आजम, लालजीत पहलवान, शोभित चौधरी, नीशान्त श्रीवास्तव, आनन्द निषाद, रामचन्द्र चौहान, चन्द्र प्रकाश के साथ ही कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
