उतरौला में दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल कैंप, दस के बने प्रमाण पत्र
ब्लॉक संसाधन केंद्र उतरौला में विशेष मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन
मोहम्मद अय्यूब, उतरौला संवाददाता
- 11 बच्चों को बेहतर इलाज व जांच के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर
उतरौला(बलरामपुर)। दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास और सशक्तिकरण की दिशा में मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र उतरौला में एक विशेष मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक (समावेशी शिक्षा) आभा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में परिषदीय विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों की जांच कर उनके दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए।
कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ प्रदीप कुमार चौधरी, डॉ मुन्ना सिंह, डॉ केएन आनंद और डॉ अभिषेक यादव ने कुल 28 दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई जिसमें 10 बच्चों के ऑनलाइन दिव्यांगता प्रमाण पत्र तत्काल जारी किया गया। 11 बच्चों को बेहतर इलाज व जांच के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अन्य सात बच्चों का असेसमेंट 'एनए' की श्रेणी में दर्ज हुआ।
क्षेत्र में दिव्यांग बच्चों की शिक्षा व पुनर्वास के लिए कार्यरत संस्था 'कमला प्रशिक्षण संस्थान' ने शिविर में विशेष सहयोग प्रदान किया। संस्थान के कार्यकर्ताओं ने बच्चों के प्रमाण पत्रों के ऑनलाइन कार्य को गति देने के साथ ही सभी बच्चों के लिए जलपान का प्रबंध किया। शिक्षा विभाग ने कमला प्रशिक्षण संस्थान के इस सहयोगात्मक प्रयास की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। इस आयोजन को सफल बनाने में बीआरसी स्टाफ के साथ विशेष शिक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, शाह मोहम्मद और सुमन त्रिपाठी ने पूरी निष्ठा से सहयोग किया।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
