लखनऊ में महिला की शिकायत पर उपनिरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट, धमकी और मोबाइल छीनने के आरोप; पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक (एसआई) धर्मवीर शाही के खिलाफ गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी उपनिरीक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त 2026 को पीड़िता ने थाना आशियाना में लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि पहले से दर्ज मु0अ0सं0-118/2026 की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक धर्मवीर शाही ने जांच के दौरान उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। महिला का आरोप है कि उपनिरीक्षक ने उससे अश्लील और प्रेमपूर्ण बातचीत की, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
ये खबर भी पढ़े : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा ढाबा एवं रेस्टोरेंट का किया गया निरीक्षणमहिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि 30 जुलाई 2026 को अपोलो हॉस्पिटल के पास उपनिरीक्षक धर्मवीर शाही अपने दो अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उसके वाहन में टक्कर मारी गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने मोबाइल फोन में मौजूद उसकी निजी सामग्री को वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आशियाना थाने में मु0अ0सं0-199/2026 के तहत धारा 64(2), 115(2), 351(3), 352 और 304(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपी उपनिरीक्षक धर्मवीर शाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की विवेचना निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि की जाएगी तथा उसी के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जांच जारी है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण विवेचना के बाद ही होगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
