होमगार्ड भर्ती की दौड़ में अभ्यर्थी की मौत
मुरादाबाद में दौड़ के दौरान बेहोश होकर गिरा बरेली निवासी 28 वर्षीय अभ्यर्थी
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित नवीं वाहिनी पीएसी मैदान में चल रही होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान शुक्रवार को बरेली निवासी 28 वर्षीय एक अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर पड़ा। वहां उपस्थित पुलिसकर्मी बेहाेश युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि जनपद बरेली के मणिनाथ कॉलोनी राजपुर कला निवासी शिवम यादव पुत्र विनोद यादव ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था। शुक्रवार सुबह वह नवीं वाहिनी पीएसी मैदान में चल रही होमगार्ड भर्ती की दौड़ में प्रतिभाग करने के लिए आया था। सुबह लगभग 08 बजे वह दौड़ रहा था, इसी दौरान शिवम अचानक बेहोश होकर गिर गया। भर्ती प्रक्रिया में मौजूद पुलिस कर्मियों ने शिवम को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत अभ्यर्थी शिवम ने बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और घर पर ही बच्चों को कोचिंग पढ़ाने के साथ ही प्रतियाेगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी कोमल और तीन साल की बेटी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया कि मृतक शिवम के परिजनों को सूचना देते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
