जमीन विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, मारपीट के बाद फायरिंग,दो घायल
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान गांव में रविवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पहले जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसके बाद फायरिंग भी हुई। घटना में दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से दो कारतूस के खाली खोखे बरामद किए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। उल्लेखनीय है कि दोनों पक्ष पेशे से अधिवक्ता बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, लोढ़ान गांव में रिंग रोड के पास स्थित एक भूखंड को लेकर वर्ष 2019 से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। रविवार पूर्वाह्न एक पक्ष के अतुल उपाध्याय अपने समर्थकों के साथ विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंचे। इसकी जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष के सौरभ उपाध्याय व अन्य मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए उसे रुकवा दिया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। अफरा-तफरी के बीच फायरिंग भी हुई। गोली लगने से एक पक्ष के रविकांत उपाध्याय के हाथ में चोट आई, जबकि दूसरे पक्ष के सौरभ उपाध्याय के सिर में ईंट लगने से वह घायल हो गए।
सूचना पर शिवपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस ने दो कारतूस के खाली खोखे बरामद किए।
डीसीपी वरुणा जोन कार्यालय के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे शिवपुर क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर दो भाइयों के पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस संबंध में तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाही की जाएगी।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
