आकाश के समर्थन में बसपा को बड़ा झटका, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी धर्म सिंह ने छोड़ी पार्टी
मऊ -मुहम्मदाबाद गोहना । बहुजन समाज पार्टी को मऊ जिले में उस समय झटका लगा, जब मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे डॉ. धर्म सिंह गौतम ने बसपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। उन्होंने अपने निर्णय के पीछे पार्टी नेतृत्व द्वारा आकाश आनंद को लेकर अपनाए गए रुख को प्रमुख वजह बताया है।
आकाश आनंद को लेकर फैसलों पर जताई नाराजगी
डॉ. गौतम का कहना है कि आकाश आनंद को संगठन की जिम्मेदारी देकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलना चाहिए था। उनके मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार दौरे कर संगठन को मजबूत करने में युवा नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता था।
'युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का समय'
पूर्व बसपा प्रत्याशी ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी को मजबूत और सक्रिय करने के लिए युवा नेतृत्व की आवश्यकता है। ऐसे दौर में आकाश आनंद को बार-बार जिम्मेदारियों से हटाया जाना और फिर पार्टी से बाहर किए जाने जैसे फैसलों ने उन्हें निराश किया है।
बार-बार कार्रवाई से आहत होने का दावा
डॉ. धर्म सिंह गौतम ने कहा कि आकाश आनंद के साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ, उससे वह व्यक्तिगत रूप से काफी आहत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन्हीं परिस्थितियों ने उन्हें बसपा से अलग होने का फैसला लेने के लिए मजबूर किया।
'अब पार्टी के साथ काम करना संभव नहीं'
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में वह बसपा के साथ आगे काम करने की स्थिति में नहीं हैं। इस्तीफे के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मुहम्मदाबाद गोहना की राजनीति में बढ़ी हलचल
डॉ. धर्म सिंह गौतम मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र से बसपा के प्रत्याशी रह चुके हैं। ऐसे में उनके इस्तीफे को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके फैसले के बाद क्षेत्र में बसपा के समर्थक खेमे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आनन्द कुमार मिश्र मऊ जनपद के जाने - माने पत्रकार हैं। आनन्द कुमार को पत्रकारिता का 10 सालों का अनुभव है, यह कई मीडिया संस्थानों अपनी सेवा दे चुके हैं। वर्तमान में तरुणमित्र के मऊ जनपद के ब्यूरो प्रमुख के रुप में कार्यरत हैं।
