सेवा पखवाड़े पर जोर, पंचायतों में होंगे कार्यक्रम
लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को 17 सितम्बर से एक माह तक सेवा पखवाड़े के रूप में मनाने की तैयारियां यहां सत्ता एवं सगठन में तेज हो गयी है। इसी कड़ी में ग्राम्य विकास विभाग को पंचायत स्तर पर इस आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं। यानी इस बार पीएम का जन्मदिन ग्राम पंचायत स्तर पर मनाने की तैयारी है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को आनलाइन विभागीय बैठक किया जिसमें के मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास तथा उपायुक्त वीबी-जी राम-जी, प्रमुख सचिव, मिशन निदेशक एवं संयुक्त मिशन निदेशक शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी प्रत्येक गांव में प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। पखवाड़े के दौरान आशीर्वाद का दीया, बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा दाता, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा, जनसेवा महाकुंभ तथा सुशासन संवाद जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए। प्रधानमंत्री ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण को केंद्र में रखते हुए विकसित भारत के निर्माण का संकल्प देश के सामने रखा है। सेवा मेरा योगदान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाए। युवाओं को जॉब सीकर से जॉब गिवर बनने की दिशा में प्रोत्साहित करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी और सेवा भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
