भातखण्डे विवि में कथक की मनमोहक प्रस्तुति
— रुद्र शंकर मिश्रा ने बांधा समां

लखनऊ। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय , लखनऊ और स्पिक मैके के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विश्वविद्यालय के कला मण्डपम सभागार में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगीत नाटक अकादमी के उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित एवं दूरदर्शन के ग्रेडेड कलाकार पंडित रुद्र शंकर मिश्रा द्वारा कथक नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। पंडित रुद्र शंकर मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति का शुभारंभ “ शिव तांडव ” से करते हुए तीनताल में उपज एवं तिहाई की मनोहारी प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति में भाव, गति एवं ताल का अद्वितीय समन्वय देखने को मिला, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडित रुद्र शंकर मिश्रा बनारस के प्रसिद्ध ‘प्रिया बंधु’ जोड़ी के प्रख्यात कथक नर्तक पंडित माता प्रसाद मिश्रा के सुपुत्र एवं पंडित रवि शंकर मिश्रा के भतीजे व शिष्य हैं। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से कथक नृत्य में स्नातकोत्तर तथा पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त कर रहे है। वे आचार्य सुखदेव महाराज की बनारस घराने की परंपरा से जुड़े हुए हैं। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने कहा कि “ इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे महान कलाकारों से विद्यार्थियों को सीखने की प्रेरणा लेनी चाहिए, जिससे वे अपनी कला को और अधिक निखार सकें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
