चाइनीज मांझे पर प्रभावी रूप से रोक लगाए जाने हेतु किया गया जागरूक
बस्ती - सभागार कक्ष राज्य कर कार्यालय कटरा तिराहा बस्ती में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया | जिसके मुख्य अतिथि पूर्व रेलवे सलाहकार समिति सदस्य,व्यापारी नेता गौरव गुप्ता विक्की रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रभाकर सरोज नवपदोन्नत संयुक्त आयुक्त प्रभार- उपायुक्त राज्यकर खण्ड-1 बस्ती रहे । उक्त कार्यक्रम में महेश चंद उपयुक्त राज्यकर, सहायक आयुक्त विकास गुप्ता , सहायक आयुक्त मनोज कुमार यादव ,अमरजीत राज्यकर अधिकारी ,राकेश कुमार पाण्डे उपस्थित रहे।व्यापारी संवाद कार्यक्रम मुख्य उद्देश्य चाइनीज मांझा ,सिन्थेटिक मांझा, शीशा लेपित डोरी के निर्माण, विक्रय एवं उपयोग को प्रभावी रूप से रोका जाना था।
बैठक में उच्च न्यायालय लखनऊ केंच लखनऊ में योजित जनहित याचिक सं- 13864/2018, मोतीलाल यादव बनाम प्रधानमंत्री कार्यालय व अन्य तथा सम्बद्ध जनहित याचिक संख्या - 499/2025, रज्जन खान बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित आदेश दि- 11-02-2026 के अनुपालन के क्रम में चाइनीज मांझे पर प्रभावी रूप से रोक लगाए जाने हेतु जागरूक किया गया।
व्यापारी संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व्यापारी नेता एवं पूर्व रेलवे सलाहकार समिति सदस्य गौरव गुप्ता विक्की ने बताया कि चाइनीज मांझा नायलॉन, धातु के पाउडर और कांच की कोटिंग से बना एक अत्यधिक धारदार और सिंथेटिक धागा है। यह मानव जीवन, पक्षियों और पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक और घातक है।यह मांझा इतना तेज और मजबूत होता है कि पतंग उड़ाते या वाहन चलाते समय कई बार लोगों के गले या शरीर के अन्य हिस्सों को गहराई से काट देता है, जिससे कई लोगों की जान तक जा चुकी है।
गौरव गुप्ता विक्की ने बताया कि चाइनीज मांझे में धातु (मेटल) और नायलॉन का इस्तेमाल होता है, जिससे बिजली के तारों के संपर्क में आने पर करंट उतरने और गंभीर हादसे होने का खतरा बना रहता है। यह धागा आसमान में उड़ते हुए पक्षियों और सड़कों पर आवारा जानवरों के लिए जानलेवा जाल बन जाता है, जिससे हर साल हजारों पक्षी घायल होते हैं या उनकी मौत हो जाती है। यह प्लास्टिक आधारित और नॉन-बायोडिग्रेडेबल (गलने वाला नहीं) होता है, जिसके कारण यह पर्यावरण में सालों तक पड़ा रहता है और प्रदूषण फैलाता है। इस खतरे को देखते हुए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और कई राज्य सरकारों ने चाइनीज मांझा के निर्माण, आयात, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। इसका उल्लंघन करने पर सख्त सजा और जुर्माने का प्रावधान है। कार्यक्रम में सुभाष शुक्ला , आफताब आलम , विश्वनाथ वर्मा , बृजेश सिंह, वीरेन्द्र कुमार सहित तमाम व्यापारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
