भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव
सरकार पर झूठ बोलने के लगाए गंभीर आरोप
लखनऊ। राजधानी में स्थित सपा मुख्यालय में सोमवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि कुंभ में मृतकों की संख्या 37 से बढ़कर 82 आ चुकी है। इन लोगों के घर जाकर परिवारवालों को मुआवजा दिया गया। सवाल करते हुए सपा मुखिया ने पूछा कि यह बताया जाना चाहिए कैश किसने दिया, किसके आदेश पर दिया। जो कैश वापस हुआ है, उसका क्या हुआ? इन सवालों का जवाब मिलना चाहिए।
उन्होंने भाजपा सरकार पर झूठ बोलने के गंभीर आरोप लगाए हैं।यूपी पुलिस भर्ती पर सपा मुखिया ने कहा कि कोई भी सरकार नियमों को दरकिनार करके भर्ती नहीं कर सकती है। सरकार इतना बड़ा आंकड़ा (भर्ती का) बताती है। इसमें पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की क्या गिनती है? कौन उनका हक काट रहा है? यह सब भाजपा का दुष्प्रचार है।
अखिलेश यादव ने कहा, अगर 2027 तक समाजवादी सरकार बनती है, तो हम शिक्षा और न्याय के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने अयोध्या और बाराबंकी में मेले को रद्द किए जाने पर सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार केवल जाति के आधार पर फैसले ले रही है। मेले में लोग मिठाई खाने और झूला झूलने जाते हैं। यह जगह मिलने की होती है। समाज को जोड़ने की होती है, लेकिन सरकार में नफरत है। इसीलिए नफरत भरे काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने पार्टी के पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) एजेंडे को दोहराते हुए कहा कि वोटर लिस्ट को दुरुस्त करना हमारी प्राथमिकता होगी। छूटे हुए नाम जुड़वाएंगे और फर्जी वोटरों पर आपत्ति दर्ज कराएंगे। उन्होंने बिजली, स्वास्थ्य और जल विभाग की स्थिति पर हमला बोला, कहा- जब तक सस्ती बिजली नहीं मिलेगी, नया उद्योग नहीं लगेगा। मेडिकल कॉलेजों की हालत ऐसी है कि सुनने में आया है कि कोई छात्र फेल ही नहीं होगा। पानी की टंकी गिर रही है, जिम्मेदार कौन है? ।
टिप्पणियां