गाजियाबाद सड़क हादसे में दरोगा के बाद घायल युवक की भी मौत
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कैंटर की टक्कर से हुआ था हादसा, युवक के पिता समेत तीन की हालत गंभीर
गाजियाबाद। गाजियाबाद में लालकुआं के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार सुबह कैंटर की टक्कर से अलीगढ़ में तैनात उप निरीक्षक उपेंद्र सिंह तोमर की हुई मौत के मामले में घायल हुए एक युवक अंशु (22) की भी शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसे में अंशु के पिता सतेंद्र और पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में मरने वालों की संख्या दो हो गई है। सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पांडे ने बताया कि हादसे में अलीगढ़ के मडराक थाने में तैनात उप-निरीक्षक उपेंद्र सिंह की गुरुवार को ही मौत हो गई थी। उनके मुताबिक, मडराक थाना क्षेत्र के पला गांव निवासी अंशु नाै अगस्त को लापता हो गया था। बुधवार को उसकी लोकेशन दिल्ली में मिलने के बाद अलीगढ़ पुलिस की टीम उसे तलाशने दिल्ली पहुंची थी। पुलिस टीम ने दिल्ली रेलवे स्टेशन से अंशु को बरामद किया और कार से अलीगढ़ लौट रही थी। टीम में उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र और रिक्रूट कॉन्स्टेबल ऋतिक शामिल थे। अंशु के पिता सतेंद्र भी उनके साथ थे।
एसीपी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे लालकुआं पुल के पास कार कैंटर से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह तोमर की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि रिक्रूट कॉन्स्टेबल ऋतिक को यशोदा अस्पताल, कौशांबी में भर्ती कराया गया, जबकि अंशु और उसके पिता सतेंद्र को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया था। शुक्रवार को उपचार के दौरान अंशु की मौत हो गई। उसके पिता की हालत गंभीर बताई जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
