दो पक्षों में विवाद के बाद बार के बाहर 5 राउंड फायरिंग, इलाके में मची अफरा-तफरी
विभूतिखंड इलाके का मामला
लखनऊ। विभूतिखंड थाना क्षेत्र के विराजखंड में मिनिस्ट्री ऑफ बीयर बार के बाहर पार्किंग को लेकर दो पक्ष में विवाद हो गया है। विवाद के दौरान एक युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से पांच राउंड फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी की ओर से किया गया काम बेहद खतरनाक था। इससे लोगों की जान को खतरा पैदा हो सकता था।
सिंगापुर माल चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर शिवम कुमार ने विभूतिखंड थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में बताया घटना शनिवार-रविवार की बीच रात करीब 4:05 बजे की है। मिस्ट्री ऑफ बियर बार से पार्टी कर बाहर निकले दो पक्षों के बीच गाड़ी पार्किंग को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के शाहपुर डेरापुर, कानपुर देहात निवासी प्रबल प्रताप सिंह जो मौजूदा समय में आशियाना एलडीए कॉलोनी में रहता है। उसने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पांच राउंड फायर कर दिए।
हालांकि फायरिंग में किसी व्यक्ति को गोली नहीं लगी ना ही कोई घायल हुआ, लेकिन अचानक हुई गोलियों की आवाज से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी की ओर से किया गया काम बेहद खतरनाक था और इससे लोगों की जान को खतरा पैदा हो सकता था। मामले में इंस्पेक्टर विभूति खंड का कहना है, मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
