नगर पालिका कार्यालय में एडीएम का औचक निरीक्षण, पांच कर्मचारी मिले नदारद
अनुपस्थित कर्मियों पर सख्ती, स्पष्टीकरण तलब; वेतन रोकने के निर्देश
—लंबे समय से मेडिकल अवकाश वालों का होगा मेडिकल बोर्ड से परीक्षण
देवरिया। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने नगर पालिका गौरा बरहज कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी निरुपमा उपस्थित मिलीं, जबकि पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। एडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करने तथा वेतन रोकने के निर्देश दिए।
लंबे समय से मेडिकल अवकाश पर चल रहे कर्मचारियों के मामले में भी एडीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि अवकाश की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कार्यालय की साफ-सफाई, पत्रावलियों के रख-रखाव और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। नगर में विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ पेयजल, विद्युत और साफ-सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
एडीएम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दिया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।औचक निरीक्षण के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप की स्थिति रही।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
