डीएम की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सुनी गई फरियादियों की शिकायतें
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में खलीलाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी द्वारा जन सामान्य की शिकायतों की सुनवाई करते हुए मौके पर निस्तारण योग्य प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों के माध्यम से निस्तारित कराया गया तथा शेष प्रकरणों को नियमानुसार निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा शिकायत के निस्तारण के परिणाम से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराया जाए।
खलीलाबाद तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से जिलाधिकारी द्वारा 10 प्रार्थना पत्रों का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए तत्काल निस्तारित करवाया गया। 05 प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की टीम भेजी गई। शेष प्रकरणों को जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थांतरित करते हुए तत्काल कार्यवाही कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये गए।
कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित कराया जाय कि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके तथा राजस्व विभाग से सम्बंधित प्रकरणों में सम्बंधित राजस्व अधिकारी/कर्मचारी के साथ मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग से सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह द्वारा की गई। अपर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से सम्बंधित विभिन्न मामलों को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच की जाए तथा दोनों पक्षों की पूरी बात को गम्भीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित की जाए।
सुनवाई के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से सम्बंधित प्रकरणों को सुनते हुए पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि जनसामान्य के मामलों में प्राथमिकता एवं गुणवत्ता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायत मिलने पर अबिलम्ब कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान दिया जाए।
तहसील मेंहदावल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 32 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से अपर जिलाधिकारी द्वारा मौके पर 03 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करवाते हुए शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए अबिलम्ब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया। 02 प्रार्थना पत्रों के सापेक्ष प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने हेतु टीम भेजी गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 रामानुज कन्नौजिया, उप जिलाधिकारी मेहदावल राजकुमार सहित तहसील से सम्बंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में धनघटा तहसील में उप जिलाधिकारी धनघटा वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। उन्होंने विभिन्न मामलों से सम्बंधित समस्याओं को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, जमीन की पैमाईश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में किसी भी प्रकार के त्रृटियों से सम्बंधित शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक सम्बंधित कर्मचारी के साथ मौके की जांच कर एवं उभय पक्षों की बात को सुनते हुए नियमानुसार निस्तारित कराया जाए।
तहसील धनघटा में कुल 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 10 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराते हुए उप जिलाधिकारी द्वारा शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर तहसील से सम्बंधित राजस्व निरीक्षक, तहसील के राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
