पेड़ से बांधकर युवक की हत्या का आरोप
लखनऊ। बंथरा इलाके में एक युवक को पेड़ से बांधकर मार डाला गया। उसका गला पेड़ के तने से गमछे के सहारे कस दिया गया। शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बंथरा इलाके के भदोही गांव में युवक का शव संदिग्ध परिस्थियों में बना हुआ मिला। मृतक की पहचान भदोही गांव निवासी सुरेंद्र 35 के रूप में हुई है। पिता राधेश्याम की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी मां भी नहीं हैं। शादी न होने के चलते वह अपनी भाई-भतीजों के साथ ही रहता था। ग्रामीणों ने बताया वह शनिवार की रात खाना खाने के बाद घर से निकला। रातभर घर नहीं पहुंचा। भतीजों ने काफी ढूंढा लेकिन वह नहीं मिला। सुबह घर से करीब 1 किलोमीटर दूर बरकता बाग जहांगीराबाद काकोरी में लोगों ने उसे पेड़ से बंधा देखा।
स्थानीय लोगों ने उसके भतीजों को बताने के साथ इसकी सूचना पुलिस को भी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है, यह पीएम रिपोर्ट के बाद पता चल सकेगा। मृतक के भतीजे कमलेश ने कहा- हमारी किसी से लड़ाई नहीं थी। चाचा एक व्यक्ति के यहां कई महीने से काम करते थे। हो सकता है कि उसी से उनकी कुछ कहा-सुनी हुई हो।
टिप्पणियां